Breaking News

सीएमओ ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया निरीक्षण, घर-घर सर्वे और जागरूकता पर दिया जोर

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शनिवार को विकासखंड उतरौला के ग्राम बक्सरिया पहुंचकर जुलाई माह में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएमओ ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए घर-घर सर्वे, जनजागरूकता और रोगियों की समय पर पहचान को पूरी गंभीरता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने टीमों को निर्देशित किया कि प्रत्येक घर तक पहुंच बनाकर बुखार, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा अन्य संचारी रोगों के लक्षण वाले लोगों की शीघ्र पहचान कर आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अभियान के दौरान आमजन को स्वच्छता अपनाने, जलभराव से बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और मच्छरों से बचने के उपायों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया। साथ ही अभियान से जुड़ी सभी गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला के अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments