Breaking News

सपा को बड़ा झटका: पूर्व प्रत्याशी हसीब खान समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल, पूर्वांचल की राजनीति में हलचल

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी को पूर्वांचल में बड़ा झटका देते हुए उतरौला विधानसभा से पूर्व सपा प्रत्याशी एवं कद्दावर नेता हसीब खान ने अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।

लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, वरिष्ठ नेता धीरज गुर्जर तथा अमेठी सांसद के.एल. शर्मा की मौजूदगी में हसीब खान और उनके समर्थकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

हसीब खान लंबे समय तक समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। उनके साथ समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव फिरोज खान सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।

इस अवसर पर महसी विधानसभा से राजेश शुक्ला, अरुण सिंह, सलीम समेत विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हुए। सदस्यता समारोह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए नए सदस्यों का स्वागत किया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हसीब खान के कांग्रेस में शामिल होने से पूर्वांचल के कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। वहीं कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

हालांकि, इस राजनीतिक घटनाक्रम का आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में क्या असर पड़ेगा, इसका वास्तविक आकलन चुनावी मैदान में ही सामने आएगा।

Post a Comment

0 Comments