योगेंद्र सिंह यादव, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर
शाहजहांपुर, 25 अप्रैल 2025 – कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर गंभीरता से विचार किया गया और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास की राह में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान बेहद जरूरी है, जिससे उद्यमियों को सुचारू रूप से कार्य करने में सुविधा हो। उन्होंने अग्निशमन केंद्रों और उपकरणों की कमी को प्राथमिकता पर दूर करने के निर्देश दिए। संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता को मई माह तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा गया।
औद्योगिक क्षेत्र रोजा में नालों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने उद्यमियों से पार्क गोद लेकर उनकी सफाई व्यवस्था बनाए रखने की पहल करने को कहा।
बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर बनतारा और अटसलिया क्षेत्र के बीच अस्थाई विद्युत कनेक्शन को 30 अप्रैल तक चालू करने के लिए विद्युत विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में ट्रिपिंग की समस्या, सड़कों से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
डीएम ने धारा 80 के निस्तारण में हो रही लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारियों को आदेश दिए कि पिछले छह माह में निस्तारित मामलों की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार, उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव समेत कई अधिकारी और जनपद के उद्यमीगण उपस्थित रहे।
उद्योग बंधु समिति की यह बैठक जिले में उद्योगों के सुचारू संचालन और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments