योगेंद्र सिंह यादव, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में बीते 16 अप्रैल 2025 की रात एक युवक को गोली मारने की घटना के तीनों वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने 18 अप्रैल तड़के मुठभेड़नुमा कार्रवाई के तहत अवैध तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर तथा प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई।
वादी की तहरीर के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2025 की रात लगभग 10 बजे मोहल्ला अंटा निवासी राहुल गुमा, अंकित, व अमन ने वादी के छोटे भाई नितिन से पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया। अंकित और अमन के उकसावे पर राहुल ने तमंचे से गोली चला दी, जिससे नितिन घायल हो गया।
घटना के संबंध में मुकदमा संख्या 214/25, धारा 115(2)/109(1)/352/351(3)/3(5) BNS के तहत थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गोपनीय सूचना पर पुलिस टीम ने 18 अप्रैल 2025 को सुबह 3:50 बजे कैण्ट-चिनौर रोड से निगोही रोड की ओर करीब 20 कदम की दूरी पर तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल राहुल गुमा के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 भी बढ़ा दी गई।
मुख्य अभियुक्त राहुल गुमा ने बताया कि नितिन से उसके दोस्तों अंकित और अमन का अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों के कहने पर ही उसने नितिन को गोली मारी। वहीं अंकित व अमन ने स्वीकार किया कि उन्होंने राहुल को उकसाया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
सदर बाजार पुलिस की इस तत्परता से न केवल वारदात का खुलासा हुआ बल्कि शहर में अपराधियों के हौसले भी पस्त हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को इस सफलता पर सराहना व्यक्त की है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments