स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन के सहयोग से शनिवार को विधानसभा पुवायां में एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कुल 92 नवयुगलों का विवाह संपन्न कराया गया। इन जोड़ों में 90 हिंदू और 02 मुस्लिम समुदाय के नवयुगल शामिल रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुवायां विधायक चेतराम, सांसद अरुण सागर, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार, और भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा सहित कई अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद दांपत्य जीवन की मंगलकामनाएं कीं।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला समाज कल्याण विभाग, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष एवं नगर निकायों के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
सामूहिक विवाह का विवरण इस प्रकार रहा:
क्रम संख्या | क्षेत्र/निकाय | कुल जोड़े | हिंदू | मुस्लिम |
---|---|---|---|---|
1 | विकास खंड पुवायां | 26 | 25 | 1 |
2 | विकास खंड सिधौली | 10 | 10 | 0 |
3 | विकास खंड खुटार | 18 | 18 | 0 |
4 | विकास खंड बंडा | 27 | 26 | 1 |
5 | नगर पालिका परिषद पुवायां | 05 | 05 | 0 |
6 | नगर पंचायत खुटार | 03 | 03 | 0 |
7 | नगर पंचायत बंडा | 03 | 03 | 0 |
योग | 92 | 90 | 02 |
कार्यक्रम के अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा द्वारा सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से शादी कराना सरकार का कल्याणकारी उद्देश्य है, और इसे पूरी पारदर्शिता और गरिमा के साथ संपन्न कराया गया।
यह समारोह न केवल नवदंपत्तियों के लिए स्मरणीय दिन बना, बल्कि सामाजिक समरसता और सहयोग की मिसाल भी पेश की।
0 Comments