ब्यूरो रिपोर्ट: कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ
लखनऊ में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदातें आम होती जा रही हैं। सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी अंतर्गत एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहाँ स्कूटी पर सवार चार चोरों ने मिलकर एक युवक की UP 32 KY 9873 नंबर की अपाचे बाइक को चंद मिनटों में चोरी कर लिया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात से साफ जाहिर है कि अपराधियों को न तो पुलिस का खौफ है और न ही कानून का डर। घटना के वक्त आसपास लोग गुजरते रहे, लेकिन चोर आराम से बाइक लेकर फरार हो गए। एक ही स्कूटी पर सवार चारों चोर बेधड़क आए और फिल्मी अंदाज़ में बाइक लेकर चलते बने।
चोरों के चेहरे पर कोई डर नहीं दिखा, वे इतने इत्मीनान से वारदात को अंजाम दे रहे थे मानो उन्हें पता हो कि उन्हें कोई पकड़ नहीं सकता। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि पीड़ित जब शिकायत लेकर ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी पहुंचा, तो चौकी इंचार्ज नीरज सिंह ने उसे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सलाह देकर टरका दिया। पीड़ित ने खुद सीसीटीवी फुटेज दिखाया, लेकिन पुलिस ने ना तो फुटेज की कॉपी मांगी, ना ही जांच शुरू की। अब तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है, जिससे साफ झलकता है कि पुलिस की लापरवाही कितनी शर्मनाक है।
पीड़ित व्यक्ति लगातार थाने के चक्कर काट रहा है और न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन पुलिस की बेरुखी से वह मानसिक रूप से परेशान हो चुका है। राजधानी लखनऊ में इस तरह की लगातार हो रही घटनाएं और पुलिस की निष्क्रियता प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागते हैं और कब इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई होती है। फिलहाल चोर खुलेआम घूम रहे हैं और जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments