ब्यूरो रिपोर्ट: दर्शन गुप्ता ✍️
लखनऊ, 01 सितम्बर। नौबस्ता के रामलीला ग्राउंड में श्री सिद्धिविनायक युवा मंडल द्वारा आयोजित गणेश उत्सव का अंतिम दिन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही भक्तों की भीड़ पंडाल में उमड़ पड़ी और देर रात तक माहौल भक्तिमय और उत्सवमय बना रहा।
झांकी ने जीता श्रद्धालुओं का दिल
महोत्सव के अंतिम दिन का मुख्य आकर्षण नृत्य सोपान ग्रुप की ओर से प्रस्तुत झांकी रही। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मार्मिक चित्रण किया गया। झांकी के मंचन के दौरान भक्त भावविभोर हो उठे और बार-बार “जय श्रीराम” व “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा।
डांडिया से गूंजा पंडाल
झांकी के बाद रंग-बिरंगी रोशनी और ढोल की थाप पर डांडिया महोत्सव का आयोजन हुआ। महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी उत्साह के साथ डांडिया खेलते नजर आए। भक्तों ने खूब आनंद उठाया और इस मौके को यादगार बना दिया।
छप्पन भोग अर्पित कर हुआ समापन
महोत्सव के अंतिम चरण में बप्पा को परंपरागत रूप से छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने आरती और भजन के साथ बप्पा से सुख-समृद्धि और मंगलकामनाओं की प्रार्थना की।
मंडल के पदाधिकारियों का आभार
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान समाज के सभी वर्गों से लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में एकता और सद्भाव की भावना प्रबल होती है।
0 Comments