Breaking News

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम से शाहजहाँपुर को मिली नई मजबूती वर्ष 2025 में 11,618 टीबी रोगियों की पहचान, 6,582 को किया गया टीबी मुक्त


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद शाहजहाँपुर में वर्ष 2025 के दौरान टीबी उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए सक्रिय प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद में कुल 11,618 क्षय रोगियों की पहचान की गई, जिनमें से 6,582 रोगियों को सफलतापूर्वक टीबी मुक्त किया जा चुका है। शेष रोगियों का उपचार नियमित रूप से जारी है।

टीबी रोगियों के पोषण स्तर में सुधार हेतु संचालित निश्चय पोषण योजना के अंतर्गत वर्ष 2025 में जनपद के टीबी मरीजों को ₹1 करोड़ 27 लाख 68 हजार की धनराशि का सीधे भुगतान किया जा चुका है, जिससे उपचार के दौरान रोगियों को पोषण संबंधी सहायता मिल सकी है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा पल्मोनरी टीबी मरीजों के संपर्क में आए व्यक्तियों की स्क्रीनिंग कर एक्टिव टीबी रूल आउट प्रक्रिया अपनाई गई। जांच में टीबी संक्रमण से मुक्त पाए गए 24,588 व्यक्तियों को टीबी प्रिवेंटिव थेरेपी (3HP) प्रदान की गई, जिससे भविष्य में संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

इसके साथ ही वर्ष 2025 में जनपद की 190 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने की दिशा में प्रक्रिया प्रगति पर है, जिसके लिए निरंतर सर्वेक्षण, उपचार और जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और आने वाले समय में टीबी उन्मूलन की दिशा में और भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।



Post a Comment

0 Comments