लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बुधवार सुबह 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले ‘उत्तर प्रदेश दिवस-2026’ की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक औपचारिक सरकारी कार्यक्रम न होकर प्रदेश की पहचान, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को जनसहयोग के साथ प्रस्तुत करने का सशक्त मंच बने।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस को हर स्तर पर प्रदेश की आत्मा को प्रतिबिंबित करने वाले जनोत्सव के रूप में आयोजित किया जाए, जिसमें आमजन की सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन की प्रत्येक गतिविधि में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक विविधता और विकास यात्रा स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने जानकारी दी कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में देश के माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी की गरिमामयी उपस्थिति आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह अवसर प्रदेश की विकास गाथा को देशभर में प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
मुख्य समारोह राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा, ताकि उत्तर प्रदेश दिवस का उत्सव एक साथ पूरे प्रदेश में मनाया जा सके। 24 जनवरी को आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रदेश के सभी जनपदों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर सामूहिक उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी एवं शिल्प मेला आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक स्वाद को प्रस्तुत करने का प्रमुख आकर्षण होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्कृति उत्सव 2025-26 के अंतर्गत प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। ‘हमारी संस्कृति–हमारी पहचान’ की भावना के अनुरूप लोक, शास्त्रीय एवं समकालीन कला रूपों को मंच प्रदान किया जाए तथा कलाकारों और आगंतुकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 ऐसा आयोजन बने, जो प्रदेश की संस्कृति, स्वाद, शिल्प और विकास दृष्टि को एक साथ प्रस्तुत करते हुए प्रत्येक आगंतुक के लिए प्रेरणादायी, स्मरणीय और गर्व का विषय बने।
शाहजहॉपुर
0 Comments