शाहजहांपुर, 23 जनवरी।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (न्यूट्री-सीरियल घटक) योजनान्तर्गत दो दिवसीय जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को प्रथम दिवस पर ग्राम अटल बिहारी बाजपेयी ऑडिटोरियम, शाहजहांपुर के सभागार में प्रातः 10 बजे किया गया। महोत्सव में जनपद के विभिन्न विकासखण्डों से आए किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मेले में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, गन्ना विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, एनजीओ प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। किसानों को कृषि से संबंधित नवीनतम जानकारियां दी गईं। साथ ही उर्वरक, बीज, कृषि रक्षा रसायन, कृषि यंत्रों से संबंधित निजी विक्रेताओं एवं सरकारी विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई।
मेले का मुख्य उद्देश्य श्री-अन्न (मिलेट्स) के उत्पादन को बढ़ावा देना, आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार करना, फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करना तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए उन्हें प्रेरित करना रहा। सभी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल पर पंजिका रखकर किसानों के सुझाव भी संकलित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक ददरौल श्री अरविन्द कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए श्री-अन्न की उपयोगिता, पोषण महत्व एवं बाजार संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला और किसानों से नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
महोत्सव में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा पंजीकृत सांस्कृतिक दल “सारंग भारती संस्था, शाहजहांपुर” द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसे उपस्थित किसानों एवं अधिकारियों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि रक्षा अधिकारी श्री संजय कुमार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एन.पी. गुप्ता, डॉ. आर.डी. तिवारी, गन्ना किसान संस्थान के निदेशक डॉ. पी.के. कपिल तथा कृषि विज्ञान केंद्र के इंजीनियर श्री गौरव शर्मा ने किसानों को श्री-अन्न की खेती, उर्वरकों एवं कृषि रक्षा रसायनों के संतुलित उपयोग तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
अंत में जिला कृषि रक्षा अधिकारी श्री संजय कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए प्रथम दिवस के कार्यक्रम का समापन किया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
शाहजहांपुर
0 Comments