छात्रा का कार से पीछा कर छेड़छाड़ करने का आरोपी गिरफ्तार, पारा पुलिस की कार्रवाई

 

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ। थाना पारा पुलिस ने कॉलेज जा रही बीएससी नर्सिंग छात्रा का कार से पीछा करने, आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने और कथित तौर पर जबरन कार में बैठाने का दबाव बनाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को छात्रा की मां ने थाना पारा में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी करीब 22 वर्षीय पुत्री, जो बीएससी नर्सिंग की छात्रा है, कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान कार संख्या UP32KL 1972 के चालक मोहित यादव उर्फ कल्लू ने कथित रूप से कार से उसका पीछा किया और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे कार में बैठाने का दबाव बनाया। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने छात्रा जिस ऑटो से जा रही थी, उसका भी पीछा किया।

मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी

तहरीर के आधार पर थाना पारा में मु0अ0सं0 660/2026, धारा 126(2)/78/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक विवेचना और शांति व्यवस्था से संबंधित कार्रवाई के दौरान नामजद आरोपी मोहित यादव उर्फ कल्लू यादव पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र यादव, निवासी ग्राम मुन्नूखेड़ा, हंसखेड़ा, थाना पारा, लखनऊ, उम्र करीब 33 वर्ष को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर चालान किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के आदेशों और निर्देशों का पालन किया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मुन्ना लाल, चौकी प्रभारी हंसखेड़ा/थाना पारा तथा उपनिरीक्षक हर्ष यादव, थाना पारा, कमिश्नरेट लखनऊ शामिल रहे।

Previous Post Next Post