शाहजहाँपुर, 07 जनवरी।
उत्तर प्रदेश सरकार के मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति स माननीय मंत्री जी को अवगत कराया।
माननीय मंत्री जी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की मांग बढ़ाने के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति एवं शादी अनुदान योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्रों का वितरण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए तथा जनप्रतिनिधियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की सूची भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि विदेश में अध्ययनरत छात्रों को भी छात्रवृत्ति का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। विद्युत विभाग की समीक्षा में मंत्री जी ने निर्देश दिए कि गर्मी से पूर्व ट्रांसफार्मर बदलने, क्षमता वृद्धि, विद्युत लाइनों के सुधार एवं उपकेंद्रों की मरम्मत का कार्य समय से पूर्ण किया जाए, ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे। अधीक्षण अभियंता विद्युत को व्यावसायिक अपग्रेड बिजनेस प्लान के प्रस्तावों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को कृषि यंत्रों की चाबियाँ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरित कराई जाएं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 145 गौशालाएँ संचालित हैं, जिनमें 14 वृहद गौशालाएँ शामिल हैं, जहाँ लगभग 18 हजार गोवंश संरक्षित हैं। इसके अतिरिक्त 10 नई गौशालाएँ स्वीकृत हो चुकी हैं। माननीय मंत्री जी ने निर्देश दिए कि स्वीकृत गौशालाओं की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर जनप्रतिनिधियों से शिलान्यास कराते हुए निर्माण कार्य तेज गति से कराया जाए। गौशालाओं में शीत प्रबंधन की समुचित व्यवस्था तथा चारागाह भूमि को कब्जा मुक्त कर हरे चारे की बुवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
माननीय मंत्री जी ने जीएसटी, आबकारी, स्टांप, मंडी एवं विद्युत सहित अन्य विभागों के राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश द्विवेदी द्वारा एनडीपीएस, इनामी अपराधी, जिला बदर, धारा 302 के लंबित प्रकरण, पॉक्सो एक्ट आदि की जानकारी दी गई। मंत्री जी ने निर्देश दिए कि अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए विवेचनाएँ समयबद्ध एवं निष्पक्ष रूप से पूर्ण की जाएं तथा मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए।
ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं की समीक्षा में नगर आयुक्त ने अवगत कराया कि रैन बसेरों में हीटर, गैस सिलेंडर की व्यवस्था की गई है तथा प्रमुख स्थलों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। भ्रमण कर गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं।
उर्वरक आपूर्ति एवं वितरण पर मंत्री जी ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर सभी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। निजी दुकानों पर ओवररेटिंग एवं कालाबाजारी रोकने हेतु कड़ी कार्रवाई के निर्देश जिला कृषि अधिकारी को दिए गए।
माननीय मंत्री जी ने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पहुँचे। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों से जनपद शाहजहाँपुर विकास एवं कानून व्यवस्था के क्षेत्र में प्रदेश की अग्रिम पंक्ति में स्थान प्राप्त करेगा।
जिलाधिकारी श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि माननीय मंत्री जी के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि जनपद ने गत माह प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त की है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री डी.पी.एस. राठौर, कटरा विधायक श्री वीर विक्रम सिंह, पुवायां विधायक श्री चेतराम, ददरौल विधायक श्री अरविंद कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष श्री के.सी. मिश्रा, महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता, नगर आयुक्त श्री विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments