ब्यूरो रिपोर्ट: सोम दत्त ✍️
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का सफल अनावरण करते हुए युवक की नृशंस हत्या कर शव जलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस खुलासे के बाद इलाके में फैली सनसनी पर पुलिस ने विराम लगाया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सचिन तिवारी के रूप में हुई है, जो थाना नगराम क्षेत्र के टिकरा जुगरात गांव का निवासी था। 9 जनवरी 2026 को सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित भागरथी एन्क्लेव के पास एक जला हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया था। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था।
जांच में सामने आया कि हत्या के बाद पहचान और सबूत मिटाने के इरादे से शव को आग के हवाले किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पूरे मामले की परतें खोलीं।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी निहाल वाल्मीकि और करन वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मृतक का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जो मामले में अहम साक्ष्य माने जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ब्लाइंड मर्डर जैसे जटिल मामले का खुलासा सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस की सतर्कता और मेहनत का परिणाम है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।
0 Comments