Breaking News

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई दो एईआरओ से स्पष्टीकरण तलब, दो बीएलओ की सेवा समाप्त


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर, 28 जनवरी।
विधानसभा क्षेत्र 136 ददरौल में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई एवं उन पर निर्णय की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में लापरवाही पाए जाने पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुमित सक्सेना एवं सुरेश बहादुर सिंह से स्पष्टीकरण तलब करने तथा बीएलओ रचना कुशवाहा एवं शशि लता की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जारी किए जाने वाले प्रत्येक नोटिस में सुनवाई का स्थान, दिनांक एवं समय स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। साथ ही सुनवाई के समय पंचायत सचिव एवं बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य रहे, ताकि अभिलेखों का मौके पर ही सत्यापन किया जा सके।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में संलग्न किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को 6 मार्च 2026 तक अवकाश नहीं दिया जाएगा। नोटिस तामील के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए तथा सुपरवाइजरों को दस्तावेज संकलन की जिम्मेदारी सौंपी जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि 10 फरवरी 2026 तक सभी नोटिसों की सुनवाई पूर्ण कर ली जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर बूथ स्तर पर भी सुनवाई की जा सकती है।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments