स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर | 04 मार्च, 2026
शाहजहाँपुर जनपद में होली पर्व एवं परंपरागत ‘लाट साहब’ जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा 04 मार्च 2026 को निकलने वाले जुलूसों के दृष्टिगत व्यापक स्तर पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा होली के दिन प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक सम्पूर्ण नगर क्षेत्र को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
मुख्य जुलूस मोहल्ला बाबूजई (कोतवाली) से प्रारंभ होकर पुराना जिला अस्पताल, अंटा चौराहा, जेल रोड, बहादुरगंज, घंटाघर होते हुए वेरी चौकी तक निकलेगा।
सभी नामित मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रातः 06:00 बजे से अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहें। किसी भी विषम अथवा आपात स्थिति में तत्काल जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक अथवा नगर मजिस्ट्रेट को सूचित करना अनिवार्य होगा।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
जिन अधिकारियों के पास शासकीय वाहन उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें एआरटीओ शाहजहाँपुर के माध्यम से वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे ड्यूटी के दौरान सुचारु रूप से भ्रमण कर सकें।
जिला प्रशासन ने आमजन से होली पर्व को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है।
0 Comments