Breaking News

होली से पहले मिलावटखोरों पर सख्ती, 100 किलो लावारिस खोया नष्ट

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 28 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार रात विशेष सघन चेकिंग अभियान के दौरान करीब 100 किलोग्राम लावारिस खोया बरामद कर उसे नष्ट करा दिया गया।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी बलरामपुर के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न परिवहन बसों और बाहरी वाहनों की गहन तलाशी ली। बाहर से लाए जा रहे खाद्य पदार्थों की जांच के दौरान संदिग्ध खोया बरामद हुआ, जिसका कोई वैध दस्तावेज या स्वामी सामने नहीं आया।

जनहित को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके पर ही उक्त खोये को नष्ट करा दिया। अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य) गिरिजेश कुमार दूबे ने किया। उनके साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी चन्द्र भानु, राम मौर्या और शंकर दयाल तिवारी भी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी, अवैध भंडारण और बिना मानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी। साथ ही बसों और निजी वाहनों की रात्रिकालीन चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन का उद्देश्य है कि होली जैसे प्रमुख पर्व पर जनपदवासियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके तथा किसी भी प्रकार की मिलावट से आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Post a Comment

0 Comments