शाहजहांपुर।
श्री रामचंद्र मिशन के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 12 फरवरी से 2 मार्च तक प्रस्तावित समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएचआई के अभियंता को सड़क एवं डिवाइडर के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही फायर सेफ्टी एवं विद्युत सुरक्षा की जांच सुनिश्चित कराने, आरसी मिशन परिसर में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आरओ टैंक के पानी की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक को प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि समारोह अवधि के दौरान 10 फरवरी से 5 मार्च तक आरसी मिशन में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी समस्त व्यवस्थाएं 10 फरवरी तक पूर्ण कर ली जाएं। इसके उपरांत उन्होंने मंडी रोड स्थित अहमदपुर रेती क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां नगर आयुक्त को सड़क किनारे फैले कीचड़ को हटाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments