शाहजहाँपुर।
आगामी गर्मी के मौसम और लू के संभावित प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ तैयार करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विशेषज्ञ पैनल एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान आमजन को राहत प्रदान करना तथा हीट स्ट्रोक जैसी घटनाओं की प्रभावी रोकथाम करना रहा।
नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि सिटी हीट एक्शन प्लान का प्रमुख फोकस दिन के समय बाहर निकलने वाले नागरिकों को सुरक्षित और राहतपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए शहर में ग्रीन एरिया नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक छाया बढ़े और तापमान के दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर की सड़कों के किनारे अधिक से अधिक छायादार वृक्ष लगाए जाएंगे। ट्रैफिक सिग्नलों पर रेड लाइट के दौरान खड़े दोपहिया चालकों और यात्रियों को तेज धूप से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे राहगीरों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल मिल सके। यह व्यवस्था पशु-पक्षियों के लिए भी सुनिश्चित की जाएगी। पेड़-पौधों के संरक्षण हेतु नियमित सिंचाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों और बड़े अपार्टमेंट परिसरों में स्थित कम्युनिटी सेंटर्स का उपयोग भी गर्मी से बचाव के लिए किया जा सकता है। योजना के तहत इन केंद्रों को इस प्रकार आमजन के लिए खोला जाएगा कि स्थानीय निवासियों की सुविधाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र में पहले से मौजूद यात्री शेडों की मरम्मत कराए जाने तथा शहर में 10 नए यात्री शेड बनाए जाने की भी तैयारी है, जिससे लोगों को धूप से बचने के लिए सुरक्षित ठहराव मिल सके।
बैठक में नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र के साथ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments