काकोरी, लखनऊ। ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा
काकोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत समदा पुलिस चौकी के मौंदा गांव में चोरों ने एक बार फिर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया है। मौंदा–अमौसी रोड के किनारे रोड लाइट के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अंधेरा पसरा हुआ है और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक साल पहले रोड लाइट लगाई गई थी और लगभग छह महीने पहले ट्रांसफार्मर भी लगाए गए, लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज तक रोड लाइट चालू ही नहीं हो पाई। इसी बीच चोरों ने ट्रांसफार्मर को ही निशाना बना लिया। इससे साफ है कि सरकारी संसाधनों की सुरक्षा और निगरानी पूरी तरह से फेल नजर आ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खुशहालगंज रोड पर भी इसी लाइन से जुड़े तार करीब एक महीने पहले कई पोलों से चोर उड़ा ले गए थे, लेकिन इसके बावजूद न तो किसी की गिरफ्तारी हुई और न ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी चैन की नींद सो रहे हैं।
अंधेरे के कारण ग्रामीणों को रात में आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर लाइट न होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है, वहीं चोरी की घटनाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब रुकेगी चोरी की यह श्रृंखला?
क्या संबंधित विभाग और प्रशासन जागेगा, या यूं ही सरकारी संपत्ति चोरों के हवाले होती रहेगी? ग्रामीणों ने जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी और रोड लाइट चालू कराए जाने की मांग की है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments