स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर में प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा छात्रावास के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया गया।
पहले कार्यक्रम में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने 42 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए। इनमें 20 ट्राईसाइकिल, 17 व्हीलचेयर, 4 एमआर किट तथा 1 स्मार्ट केन शामिल रही। उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुवायां विधायक चेतराम, कटरा विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
दूसरे कार्यक्रम में खिरनीबाग स्थित राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण मंत्री द्वारा शिलापट अनावरण कर किया गया। इस कार्य पर कुल 59.92 लाख रुपये की लागत आई है।
लोकार्पण के बाद मंत्री ने छात्रावास में रह रही छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही सीएसआर फंड से निर्मित आधुनिक लाइब्रेरी का निरीक्षण भी किया, जिसमें कंप्यूटर, पुस्तकें एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेंगी और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में सहायता देंगी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी अपराजिता सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments