Breaking News

शाहजहाँपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने हेतु अधिकारियों को प्रशिक्षण


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 10 फरवरी। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जोनल, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षाओं को स्वच्छ, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, विद्युत, पेयजल, शौचालयों की स्वच्छता तथा परीक्षार्थियों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

जनपद में कुल 126 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 42,785 और इंटरमीडिएट के 36,724 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा प्रथम पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक आयोजित होगी। जनपद को 5 जोन और 21 सेक्टरों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम में चार डबल लॉक अलमारियों की व्यवस्था, 24×7 कंट्रोल रूम निगरानी, क्लॉक रूम स्थापना, मिश्रित बैठक व्यवस्था तथा प्रॉक्सी परीक्षार्थियों पर रोक के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर अनधिकृत प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और उल्लंघन पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।


पुलिस अधीक्षक ने सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जबकि जिलाधिकारी ने विद्युत, परिवहन और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। अनुचित साधनों के प्रयोग पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक नगर, राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार सहित शिक्षा एवं प्रशासनिक विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments