शाहजहांपुर। आगामी त्योहारों एवं जुलूसों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में 25 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में सघन पैदल गश्त की गई।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करते हुए आवश्यक पूछताछ भी की गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और अपने-अपने प्वाइंट्स पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
त्योहारों के मद्देनजर जनपद में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों और जुलूसों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है।
लखनऊ
0 Comments