शाहजहांपुर। 20 फरवरी 2026 को जनपद में संचालित विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ददरौल स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पटलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्य प्रगति, अभिलेखों के रख-रखाव और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा कार्यों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने फीता काटकर “प्रेरणा कैंटीन” का शुभारंभ भी किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित अभिलेखों, दस्तावेजों एवं पुष्टाहार स्टॉक का सत्यापन किया गया। निरीक्षण में सामने आया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए उपलब्ध कराए गए शिशु डेस्क एवं मैट का समय पर वितरण नहीं किया गया और सामग्री स्टोर में ही पड़ी हुई है।
इस गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे कर्तव्यों के प्रति घोर उदासीनता बताया। उन्होंने संबंधित सीडीपीओ से तत्काल स्पष्टीकरण तलब करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय पर सामग्री का वितरण सुनिश्चित नहीं किया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सामग्री का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र वितरण किया जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments