स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर।
जनपद में ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक खिरनी बाग स्थित कालीवाड़ी मंदिर में आयोजित की गई, जिसमें ग्राम रोजगार सेवकों ने लंबे समय से मानदेय न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष ललितेश शास्त्री ने की। वक्ताओं ने बताया कि करीब 11 माह से मानदेय नहीं मिला है, जबकि वर्ष 2008 से अब तक भी किसी त्योहार पर कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि समान कार्य के बावजूद समान वेतन का नियम लागू नहीं किया जा रहा है। कई ग्राम पंचायतों में प्रधानों द्वारा काम न दिए जाने तथा नगर निगम/नगर पंचायत में शामिल हो चुकी पंचायतों में समायोजन न होने की समस्या भी उठाई गई।
बैठक में यह भी बताया गया कि ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय 3 प्रतिशत के आधार पर निर्धारित होता है, लेकिन खर्च और प्रक्रियाओं के चलते उन्हें पूरा भुगतान नहीं मिल पाता। साथ ही कुछ स्थानों पर अधिकारियों द्वारा पहले अन्य खर्च निकाल लेने के कारण मानदेय प्रभावित होने की शिकायत भी सामने आई।
ग्राम रोजगार सेवकों ने मांग की कि जिला स्तर पर नियमित मासिक बैठक आयोजित की जाए, जिससे मनरेगा से जुड़े कार्यों में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा सके।
बैठक में जियो टैगिंग, ई-केवाईसी तथा अन्य तकनीकी कार्यों में आने वाली दिक्कतों पर भी चर्चा की गई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया।
0 Comments