ब्यूरो रिपोर्ट राज बहादुर, लखनऊ ✍️
लखनऊ। राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 11 वर्षीय मासूम बच्ची की क्रिकेट बैट से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद जागीर निवासी सूरज की 11 वर्षीय बेटी 15 मार्च 2026 की शाम करीब 4:30 बजे घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान एक पड़ोसी युवक ने उस पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों द्वारा बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव की पुष्टि हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
लखनऊ
0 Comments