Breaking News

‘विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ पर सीएम योगी की समीक्षा, व्यापक विजन को जल्द लागू करने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ‘विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ की कार्ययोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे प्रदेश के समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज केवल एक विजन नहीं, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और संरचनात्मक परिवर्तन का आधार है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस विजन को अधिक व्यापक और सहभागी बनाया जाए। इसके लिए प्रदेशभर से प्राप्त 98 लाख से अधिक जन-सुझावों, विशेषज्ञों, उद्योग संगठनों एवं अन्य हितधारकों के विचारों का गहन विश्लेषण कर उन्हें कार्ययोजना में समाहित किया जाए। साथ ही सेक्टरवार अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं शीघ्र जारी करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विजन डॉक्यूमेंट व्यवहारिक, परिणामोन्मुख और समयबद्ध होना चाहिए, जिसे मिशन 2030, 2036 और 2047 के लक्ष्यों के अनुरूप क्रियान्वित किया जाए। सभी विभागों को त्रैमासिक और वार्षिक लक्ष्य निर्धारित कर विभागवार एवं अंतर-क्षेत्रीय योजनाएं तैयार करने तथा ‘जिला विजन 2047’ बनाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र में संतुलित विकास पर जोर देते हुए उच्च उत्पादकता आधारित मॉडल अपनाने की बात कही। उन्होंने उत्तर प्रदेश को टेक्नोलॉजी आधारित, निर्यातोन्मुख और वैश्विक प्रतिस्पर्धी विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य दोहराया।

इसके साथ ही आईटी, आईटीईएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पर्यटन और नवाचार आधारित क्षेत्रों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप इकोसिस्टम और कौशल विकास को प्राथमिकता देकर प्रदेश को ज्ञान और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments