स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज वाराणसी में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं एवं कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोदौलिया रोप-वे स्टेशन, मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट निर्माण, अमृत-2 योजना, सीवरेज एवं वाटर सप्लाई, विद्युत अंडरग्राउंड केबलिंग तथा दालमंडी सड़क चौड़ीकरण समेत सभी विकास कार्यों की सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजन धार्मिक परिसरों तक सीमित रहें। साथ ही तीव्र ध्वनि वाले साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न पर रोक, अतिक्रमण व अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई तथा अवैध व जहरीली शराब के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस के शालीन व्यवहार, ट्रैफिक प्रबंधन, जनसुनवाई की नियमितता, लंबित राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण एवं व्यापार-उद्योग बंधु बैठकों की नियमितता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने जनपद के पाण्डेयपुर स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, पुलिस लाइन स्थित पुलिस संग्रहालय तथा सिगरा स्टेडियम के निकट विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपने वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर एवं काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
0 Comments