स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर, दिनांक 23 मार्च 2026।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान व्यापारियों एवं उद्यमियों ने अपनी-अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में व्यापारियों ने सिविल लाइन क्षेत्र में खुले पड़े बड़े नाले की समस्या उठाई। व्यापारी सचिन बाथम ने कचहरी गेट नंबर 06 पर लगने वाले जाम की समस्या से अवगत कराते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की मांग की। बहादुरगंज बाजार में पुरुष शौचालय की व्यवस्था कराने का भी मुद्दा उठाया गया। व्यापारी अनीश खान ने लोदीपुर क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा कब्जा की शिकायत करते हुए उसे हटवाने की मांग की। साथ ही सड़क निर्माण से पहले बिजली के खंभों को हटाने एवं नाली निर्माण कराने का विषय भी रखा गया। इसके अतिरिक्त जनपद में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना की मांग भी की गई।
व्यापारियों ने यह भी बताया कि कृषि विभाग द्वारा लाइसेंस स्वीकृत होने के बावजूद पीओएस मशीन उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर जिलाधिकारी ने कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र व्यापारियों को पीओएस मशीन उपलब्ध कराई जाए।
उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने रोजा औद्योगिक क्षेत्र में नाले के चौड़ीकरण की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को आईआईए सदस्यों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ददरौल के ग्राम जमौर गोटिया में जर्जर सड़क की समस्या पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करते हुए तीन दिन के भीतर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण शीघ्र शुरू करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने हथौड़ा बुजुर्ग क्षेत्र की सड़क से अतिक्रमण हटाने, श्री राम खन्ना एंड कंपनी के पास लटके विद्युत तारों एवं पोल को ठीक कराने तथा औद्योगिक क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्थापित करने हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग संजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
0 Comments