Breaking News

नालियों की सफाई न होने से विद्यालय के सामने भरा गंदा पानी, बच्चों को हो रही परेशानी

 

ब्यूरो चीफ शास्त्र तिवारी, बहराइच ✍️

बहराइच। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 नेवरय्या स्थित मोहल्ला घोसियाना में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी जमा हो गया है। इस वजह से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को कीचड़ और दुर्गंध के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। इसके चलते नालियों का पानी सड़क पर भर गया है और आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ है। वहीं, विद्यालय आने वाले बच्चों को रोजाना इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण और बीमारी का खतरा भी बना हुआ है।

मोहल्ले के निवासियों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। क्षेत्र में जर्जर सड़कें, उखड़े हुए खड़ंजे और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की भी मरम्मत नहीं कराई गई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका परिषद से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराने और सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि बच्चों और क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments