स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर।
जनपद के अहमदपुर निवासपुर रेती पोस्ट दलेलगंज स्थित श्री भूतेश्वर नाथ मंदिर श्मशान भूमि मरघट धर्मार्थ ट्रस्ट में भगवान महाकाल शिव की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा समारोह धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। सुबह आचार्य सूरज तिवारी के नेतृत्व में पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंत्रोच्चारण के साथ भगवान महाकाल शिव की प्रतिमा स्थापित की गई।
इस दौरान पूरा वातावरण भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। भूतेश्वर नाथ मंदिर मरघट के अध्यक्ष तथा श्री योगी औधड़ अखाड़ा महाराष्ट्र के प्रदेश प्रभारी औधड़ प्रमोद नाथ अघोरी के नेतृत्व में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इसके बाद मंदिर परिसर में प्रतिमा की विधिवत स्थापना की गई।
कार्यक्रम के दौरान यज्ञ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्माओं ने भाग लेकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना से आहुति दी। आयोजन को सफल बनाने में महंत लाल गिरी (अध्यक्ष औधड़ अखाड़ा हरदोई), श्यामसुंदर त्यागी (अध्यक्ष शाहजहाँपुर), महंत जयवीर पुरी (अध्यक्ष धर्माचार्य प्रकोष्ठ), छोटे शूरू ब्रह्मचारी, महंत विष्णु दास, महंत कुशाल गिरी, महंत बाबा रामपुरी, साध्वी शेषनाग नाथ अघोरी (तहसील अध्यक्ष लखीमपुर खीरी), महंत त्रिलोकपुरी (जिला अध्यक्ष पीलीभीत), महंत श्रीकृष्ण (जिला अध्यक्ष बदायूं), महंत सूरज गिरी, महंत महेंद्र गिरी, बाबा सोमनाथ, महंत मोहन गिरी, महंत चिंता नाथ सहित सैकड़ों संत-महापुरुष मौजूद रहे।
मूर्ति स्थापना के उपरांत औधड़ प्रमोद नाथ अघोरी ने उपस्थित संतों के साथ शपथ लेते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न मरघट और श्मशान घाटों में यदि कहीं कोई समस्या आती है तो संत समाज आगे आकर सहयोग करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लावारिस शवों का अंतिम संस्कार विधिवत उनकी समिति द्वारा कराया जाएगा और इसके लिए शीघ्र ही जिला प्रशासन से संपर्क कर सहयोग मांगा जाएगा।
आचार्य सूरज तिवारी ने कहा कि भगवान शिव देवों के देव हैं और उनकी सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा मन को शांति मिलती है। उन्होंने लोगों से ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में यज्ञ के बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
0 Comments