स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 19 मार्च 2026।
नवरात्रि के शुभारंभ अवसर पर स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में संगीत, श्रद्धा और लोक संस्कृति से ओत-प्रोत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, प्रबंध समिति के सचिव प्रो. अवनीश मिश्रा एवं प्राचार्य प्रो. आर.के. आजाद ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा काजल मिश्रा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने पूरे सभागार को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। संगीत विभाग की छात्राओं नेहा तिवारी एवं शिवांगी प्रजापति ने अतिथियों का स्वागत रोली, चंदन एवं पुष्पों से किया, जबकि प्रो. आदित्य सिंह, डॉ. श्रीकांत मिश्रा, डॉ. बलवीर शर्मा, डॉ. रामशंकर पाण्डेय एवं डॉ. दीपक सिंह ने अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया।
संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. कविता भटनागर ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद डॉ. प्रतिभा सक्सेना ने देवी गीत एवं लांगुरिया लोकगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत लोकगीतों ने भारतीय लोक संस्कृति की विविधता को जीवंत कर दिया। हिंदी विभाग की “आज मिथिला नजरिया...” प्रस्तुति ने मिथिला की झलक दिखाई, वहीं समाजशास्त्र विभाग ने “उड़ जाय रे...” गीत के माध्यम से लोकजीवन को अभिव्यक्त किया। मनोविज्ञान विभाग की “पीपल के पात झड़े” प्रस्तुति ने भावनात्मक गहराई को दर्शाया, जबकि कला विभाग ने “है करेले से कड़वी हमारी ननदी” के जरिए हास्य-व्यंग्य का रंग बिखेरा।
पूर्व छात्रा आरती द्वारा “कोयल बिन बगिया ना सोभे राजा” एवं संजीत कुमार द्वारा “अंगना में ठाड़ी चार गुइयां” की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने अपने आशीर्वचनों में भारतीय संस्कृति और संगीत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर साधना के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्या सक्सेना ने किया तथा आभार संयोजक डॉ. प्रतिभा सक्सेना ने व्यक्त किया। समापन राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के साथ हुआ। इस अवसर पर उपप्राचार्य प्रो. अनुराग अग्रवाल, प्रो. आलोक मिश्रा, प्रो. मधुकर श्याम शुक्ला, प्रो. प्रभात शुक्ला सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
लखनऊ
0 Comments