स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस से संबंधित शिकायतों के समाधान और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए गठित प्रवर्तन टीम द्वारा रविवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के कई मामले सामने आए, जिन पर कार्रवाई करते हुए सिलेंडरों को जब्त किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के केरूगंज स्थित पक्का पुल के पास महेश चंद्र पुत्र राधेश्याम की दुकान पर छापेमारी के दौरान 2 घरेलू गैस सिलेंडर, कंपनी के 5 किलो के 2 सिलेंडर तथा 29 अधोमानक छोटे गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
इसके अलावा मोहल्ला मेहमनगढ़ी में आर.के.टी. स्टॉल (रेस्टोरेंट) पर जांच के दौरान 2 घरेलू गैस सिलेंडर उपयोग में पाए गए। वहीं तहसील तिलहर के खैरपुर चौराहा पर 2 भरे और 2 खाली घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया।
प्रवर्तन टीम ने सभी गैस सिलेंडरों को जब्त करते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति घरेलू एलपीजी गैस का उपयोग रिफिलिंग, कालाबाजारी या व्यावसायिक कार्यों में करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग करना अनिवार्य है और बिल प्रस्तुत न करने पर कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments