माछरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो चीफ: तशरीफ़ अली, मेरठ ✍️

मेरठ। माछरा क्षेत्र में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता अभियान के तहत एक अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बीआरसी कार्यालय माछरा के सभागार में खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में एआरओ धीरज सिंह, एसटीएस अनिल एवं एचएस रामेश्वर ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। यह अभियान डॉ. तरुण राजपूत (चिकित्सा अधीक्षक, माछरा) के मार्गदर्शन में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत 11 अप्रैल तक विशेष “दस्तक अभियान” चलाया जाएगा, जिसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी।

अभियान के प्रमुख संदेश:

  • घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें
  • भोजन से पहले और शौच के बाद हाथ अवश्य धोएं
  • पूरी बाजू के कपड़े पहनें
  • मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें
  • केवल स्वच्छ और सुरक्षित पानी का सेवन करें
  • शौचालय का उपयोग करें और आसपास झाड़ियों की कटाई कराएं

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न सूचियां भी तैयार की जाएंगी, जिनमें बुखार पीड़ित, कुष्ठ रोगी, कुपोषित बच्चे, इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण वाले मरीज, गर्भवती महिलाएं, 0-5 वर्ष तक के बच्चे और टीबी मरीज शामिल होंगे।

इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख भूमिका रहेगी, जबकि अन्य विभागों के सहयोग से इसे सफल बनाया जाएगा। कार्यक्रम में दर्जनों शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post