ब्यूरो रिपोर्ट: आशीष कुमार ✍️
Unnao / Auras। जनपद में एक पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। औरास थाना क्षेत्र के संडीला रोड स्थित रैनबो गेस्टहाउस (मैरिज लॉन) के एक कमरे में पत्रकार का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान उमेश द्विवेदी पुत्र हरमोहन द्विवेदी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह गुरुवार दोपहर से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। कुछ ही घंटों बाद उनका शव मैरिज लॉन के कमरे में मिलने से घटना रहस्यमय हो गई है।
उमेश द्विवेदी अपने दो भाइयों में छोटे थे और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने विभिन्न समाचार पत्रों में कार्य किया था और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं—गायब होने के कुछ घंटों बाद ही शव मैरिज लॉन के कमरे में कैसे पहुंचा और क्या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
0 Comments