शाहजहाँपुर, 31 मार्च 2026।
रेलवे ट्रैक पर जान जोखिम में डालकर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर जीआरपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
जीआरपी लखनऊ के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक रेलवे के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के पर्यवेक्षण में थाना जीआरपी शाहजहाँपुर पुलिस ने 29 मार्च को वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लिया। वीडियो में एक युवक रेलवे ट्रैक पर खतरनाक तरीके से रील बनाते हुए नजर आ रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उ0नि0 ज्ञानेश बाजपेयी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान 31 मार्च को रेलवे स्टेशन शाहजहाँपुर प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास युवक को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान
प्रमोद गिरी (35 वर्ष) पुत्र कमलेश गिरी, निवासी कमल नैनपुर, थाना कांठ, जनपद शाहजहाँपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि वह रेलवे ट्रैक पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता है। इस कृत्य से आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश भी देखा गया, क्योंकि इससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता था।
पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत आरोपी के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया।
जीआरपी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रेलवे ट्रैक या अन्य खतरनाक स्थानों पर वीडियो/रील बनाने से बचें, क्योंकि यह न केवल अवैध है बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments