स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 14 मार्च 2026।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक पुलिस नागरिक पदों की भर्ती के लिए जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के प्रथम दिन दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित हुई।
जिलाधिकारी ने प्रथम पाली में जीएफ कॉलेज तथा द्वितीय पाली में राजकीय पॉलीटेक्निक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में 4560 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3330 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1230 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 4560 अभ्यर्थियों में से 3377 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 1183 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
0 Comments