आपदा प्रबंधन पर जनपद स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न, SHG व राजस्व कर्मियों को दिए गए बचाव के गुर


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर, 24 मार्च 2026।

जनपद में आपदा जोखिम न्यूनीकरण (Disaster Risk Reduction) विषय पर अटल ऑडिटोरियम में एक दिवसीय वृहद प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, अध्यापकों, राजस्व कर्मियों, अमीन और लेखपालों ने प्रतिभाग कर आपदा प्रबंधन की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन पूर्व तैयारी और प्रशिक्षण के माध्यम से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। जिला आपदा विशेषज्ञ ने जनपद की भौगोलिक स्थिति के अनुसार संभावित आपदाओं और राहत कार्यों पर प्रकाश डाला। मास्टर ट्रेनरों ने महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

अग्निशमन अधिकारी द्वारा आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय बताए गए, वहीं उप मुख्य चिकित्साधिकारी ने बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) के तहत सीपीआर और प्राथमिक उपचार का प्रदर्शन किया। आपदा मित्र टीम ने सर्पदंश और डूबने जैसी घटनाओं से बचाव के व्यावहारिक उपाय साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री वितरित की गई तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित लघु फिल्में भी दिखाई गईं, जिससे उन्हें आपात स्थिति में सही निर्णय लेने की जानकारी मिली।

अंत में प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया, जिसमें सभी ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ और आपदाओं के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया गया।

Previous Post Next Post