Breaking News

खेल क्रांति को नई गति: डॉ. राजेश्वर सिंह का बड़ा निर्णय – ₹2 लाख सहायता, ₹10 लाख से खेल ढांचा होगा मजबूत

 


ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा
 दिनांक: 20 अप्रैल 2026

लखनऊ। सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लेते हुए आगामी टूर्नामेंट के लिए ₹2 लाख की आर्थिक सहायता तथा स्टेडियम के विकास हेतु विधायक निधि से ₹10 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल ही एक सशक्त, स्वस्थ और अनुशासित समाज की नींव रखते हैं।


सेक्टर-एच, ड्रीमवर्ल्ड वाटर पार्क, एलडीए कॉलोनी, लखनऊ में उन्नाद टेनिस अकादमी द्वारा आयोजित AITA मेन्स लॉन टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ विधायक द्वारा किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग के अंतर्गत इंटर स्कूल एवं इंटर स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए ड्रॉ एवं फिक्सचर मीट का भी सफल आयोजन किया गया।


खिलाड़ियों के उत्साह ने बढ़ाया संकल्प
भीषण गर्मी (लगभग 45 डिग्री सेल्सियस) के बावजूद खिलाड़ियों के जोश और समर्पण को देखते हुए विधायक ने खेलों के विकास के अपने संकल्प को और मजबूत बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

युवाओं के लिए बनेगा ‘मार्वल एवेंजर्स थीम पार्क’
डॉ. राजेश्वर सिंह ने घोषणा की कि सरोजनी नगर क्षेत्र में जल्द ही ‘मार्वल एवेंजर्स थीम पार्क’ का निर्माण कराया जाएगा, जिससे युवाओं को बेहतर खेल एवं मनोरंजन सुविधाएं मिल सकें।

टूर्नामेंट के दौरान विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों—मयंक शर्मा (दिल्ली), मुकिल रमनन (तमिलनाडु), पार्थ पाटिल (महाराष्ट्र), ध्रुव (हरियाणा), सुधीर सिंह व वैभव सिंह (बिहार), आदित्य तिनजानी (पंजाब) और सौरव यादव (दिल्ली)—से विधायक ने मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ड्रॉ एवं फिक्सचर मीट का सफल आयोजन
इंटर स्कूल वर्ग में लगभग 60 टीमें और इंटर स्पोर्ट्स क्लब वर्ग में करीब 110 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। आयोजन में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

चार वर्षों में 10,000 से अधिक बच्चों को मिला मंच
पिछले चार वर्षों से आयोजित हो रही इस स्पोर्ट्स लीग में अब तक लगभग 10,000 बच्चों ने भाग लिया है। यह पहल युवाओं को मोबाइल से दूर कर खेलों की ओर प्रेरित करने और उनके समग्र विकास में सहायक सिद्ध हो रही है।

आकर्षक पुरस्कार व निशुल्क पंजीकरण
प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹50,000 और उपविजेता टीम को ₹25,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कुल ₹1.5 लाख के नकद पुरस्कार वितरित होंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों को टी-शर्ट, टोपी और टीमों को क्रिकेट किट भी प्रदान की जाएगी। तीन माह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

Post a Comment

0 Comments