Breaking News

जनगणना-2027 प्रशिक्षण का डीएम ने लिया जायजा, नालंदा विद्यालय में किया स्थलीय निरीक्षण


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर।

जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कैंट स्थित नालंदा विद्यालय पहुंचकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण किया।

जनपद के सभी जनगणना चार्ज—नगर निगम, तहसील, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत एवं छावनी परिषद—में नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रथम बैच का प्रशिक्षण प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए उप जिलाधिकारी, जनगणना चार्ज अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की ड्यूटी विभिन्न केंद्रों पर लगाई गई है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण ले रहे कार्मिकों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को अधिक व्यवहारिक एवं विस्तृत बनाया जाए, ताकि सभी कार्मिक फील्ड में बेहतर कार्य कर सकें।


इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुआ, जिसमें दून इंटरनेशनल स्कूल और रियान जीआईसी स्कूल में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद मूल्यांकन परीक्षा भी आयोजित की जाएगी, जिससे प्रतिभागियों के ज्ञान का आकलन किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम-1948 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल पर्यवेक्षक के रूप में नामित किया गया है, जो 15 से 25 अप्रैल तक विभिन्न बैचों के प्रशिक्षण का निरीक्षण करेंगे।

जिला प्रशासन का उद्देश्य जनगणना-2027 के प्रथम चरण को पूर्ण सटीकता, पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ संपन्न कराना है।

Post a Comment

0 Comments