ब्यूरो चीफ: शास्त्र तिवारी, बहराइच ✍️
बहराइच/कैसरगंज (20.04.2026): विकास के दावों की हवा निकालती एक तस्वीर जनपद के कैसरगंज क्षेत्र से सामने आई है। ग्राम कंदैला में विकास के नाम पर सरकारी धन का किस कदर बंदरबांट हुआ है, इसका जीता-जागता उदाहरण यहाँ की नई बनी RCC सड़क है। गांव के पूरब से लखनऊ-बहराइच हाईवे तक जोड़ने वाली यह सड़क महज 4 महीने भी नहीं टिक सकी।
पहली बारिश भी नहीं झेल पाई सड़क: महज कुछ माह पहले बनी सड़क अब पूरी तरह दम तोड़ चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और बिखरा हुआ निर्माण सामग्री इसकी गुणवत्ता की पोल खोल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान मानक विहीन सामग्री का प्रयोग किया गया और जिम्मेदार अधिकारियों ने आंखें मूंद लीं।
खतरे की घंटी: सड़क के साथ बनी पुलिया की हालत और भी भयावह है। घटिया निर्माण के कारण पुलिया कभी भी धराशायी हो सकती है, जिससे बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है।
भड़के ग्रामीण, जांच की मांग: निर्माण कार्य में खुलेआम भ्रष्टाचार को देख ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का सवाल है कि किस ठेकेदार और किन अधिकारियों की मिलीभगत से जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा लूटा गया है? क्षेत्र के लोगों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही और सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है।
प्रशासनिक लापरवाही और 'कागजी विकास' के इस खेल ने कंदैला गाँव के लोगों को ठगा महसूस करने पर मजबूर कर दिया है। अब देखना यह है कि क्या जिम्मेदार कुर्सियों पर बैठे अधिकारी इस पर कोई संज्ञान लेते हैं या भ्रष्टाचार का यह खेल ऐसे ही जारी रहेगा।
