Breaking News

डीएम एवं सीडीओ ने हनुमंतधाम के सौंदर्यीकरण कार्य का किया निरीक्षण 31 मई तक शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 28 अप्रैल।

 जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी के साथ हनुमंतधाम का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित हनुमंत धाम सौंदर्यीकरण (रिवर फ्रंट) परियोजना की समीक्षा की।

खन्नौत नदी के पक्का पुल से नए पुल (नदी तट) तक पक्की दीवार एवं पथ विकास के साथ हनुमंत धाम के चारों ओर सौंदर्यीकरण कार्य लगभग 935.68 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। वर्तमान में इस परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हनुमंत धाम एवं नवीन पथ पर प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक लाइटिंग, शौचालय, छाया शेड, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। जिलाधिकारी ने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद हनुमंत धाम से पक्का पुल तक यह पथ आपस में जुड़ जाएगा, जिससे लोगों को सुबह और सायंकाल वॉक करने की बेहतर सुविधा मिलेगी।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 मई तक हर हाल में सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और यह स्थल जनपद के प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित हो सके।

Post a Comment

0 Comments