Breaking News

पुलिस अधीक्षक ने थाना पुवायाँ का आकस्मिक निरीक्षण कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 27 अप्रैल। 

जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित ने रविवार को थाना पुवायाँ का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, बैरक, शौचालय, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को थाना परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद कार्यालय अभिलेखों की जांच करते हुए अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, जीडी, बीट बुक, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, टॉप-10 अपराधियों की सूची, गुंडा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही, वारण्ट-समन की तामील, लंबित विवेचनाओं और अभियोगों की समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

महिला हेल्प डेस्क का विशेष निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों से संवाद किया और महिलाओं से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता, गोपनीयता और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। 


इसी क्रम में थाना पुवायाँ पर नियुक्त नव-प्रशिक्षु रिक्रूट्स, विशेषकर महिला आरक्षियों के साथ संवाद करते हुए महिला अपराधों से संबंधित मामलों में अपनाई जाने वाली विधिक प्रक्रिया, शिकायत पंजीकरण, काउंसलिंग, गोपनीयता बनाए रखने और त्वरित कार्यवाही के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर ऑनलाइन अभिलेखों के अद्यतन, डाटा फीडिंग की गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा की गई। मालखाना और शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए मालों के सुरक्षित रख-रखाव तथा शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई और चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बंदीगृह का निरीक्षण कर बंदियों की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। साथ ही थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, रात्रि गश्त, बैंक और संवेदनशील स्थानों की चेकिंग तथा बीट पुलिसिंग की प्रभावशीलता की समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने समस्त पुलिस बल को अनुशासन, समयपालन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करने, आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।

अंत में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी पुवायाँ भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments