लखनऊ, 04 अप्रैल 2026 (यूएनएस): राजधानी के इकाना स्टेडियम में आयोजित हो रहे आईपीएल (IPL) मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोप लगाया है कि स्टेडियम प्रशासन की ओर से उन्हें जो भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, उनकी गुणवत्ता बेहद खराब और वह खाने योग्य नहीं हैं।
भीषण गर्मी और देर से मिलने के कारण भोजन के पैकेटों से सड़ने की बदबू आने की शिकायतें मिली हैं। पुलिसकर्मियों के अनुसार, भोजन को पैक करने के लिए जिस काले रंग की घटिया प्लास्टिक थाली का उपयोग किया जा रहा है, वह फूड ग्रेड मानक के अनुरूप नहीं है। गर्म भोजन को ऐसी प्लास्टिक में पैक करने से वह कुछ ही घंटों में दूषित हो जाता है, जिसके कारण पुलिसकर्मियों को खाना फेंकने पर मजबूर होना पड़ा।
हैरानी की बात यह है कि बीसीसीआई (BCCI) की निगरानी में होने वाले इतने बड़े आयोजन में, जहाँ फंडिंग की कोई कमी नहीं होती, वहां दिन-रात सुरक्षा में तैनात जवानों को ऐसा घटिया खाना दिया जा रहा है। जवानों का आरोप है कि आयोजकों और प्रशासन की यह लापरवाही उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
इस गंभीर विषय पर जब ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (जेसीपी) कानून व्यवस्था से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि अभी तक किसी अधिकारी ने औपचारिक रूप से ऐसी शिकायत नहीं की है। हालांकि, उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्पष्ट किया:
"पुलिसकर्मी हमारा परिवार हैं। उनकी देखभाल और सुविधाओं को सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि भोजन की गुणवत्ता में कमी की बात सामने आई है, तो मैं स्वयं इसकी गहनता से जांच कराऊंगा।"
आईपीएल जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में सुरक्षा कर्मियों को ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना स्टेडियम प्रशासन और जिला प्रशासन का दायित्व है। अब देखना यह होगा कि जेसीपी के हस्तक्षेप के बाद सुरक्षा में तैनात जवानों की खान-पान व्यवस्था में क्या सुधार आता है।
#LucknowNews #EkanaStadium #IPL2026 #LucknowPolice #FoodQuality #JCP_Lucknow #BCCI #SachKiAwaz
शाहजहॉपुर
0 Comments