[ पुलिस मुठभेड़ / शाहजहाँपुर ]
स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुवायाँ पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में मोहम्मदी बाईपास के पास बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश सौरभ मिश्रा के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से लूटा हुआ मोबाइल, नकदी और अवैध असलहा बरामद किया है।
बदमाशों ने की फायरिंग: मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम जब मोहम्मदी बाईपास के पास चेकिंग कर रही थी, तभी पल्सर बाइक सवार लुटेरों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में शातिर अपराधी सौरभ मिश्रा घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों अर्पित और मौसम उर्फ आशुतोष को पुलिस ने साहसपूर्वक धर दबोचा।
वारदात का खुलासा: अभियुक्तों ने 20 अप्रैल को ग्राम जठियापुर बुजुर्ग निवासी सूरज दीक्षित से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटी थी। गिरफ्तार सौरभ मिश्रा पर पूर्व से ही 14 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घायल अपराधी को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। मौके से बिना नंबर की पल्सर और .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है।
• उ0नि0 संजीव कुमार व धर्मेन्द्र कुमार (थाना पुवायाँ)
• प्रभारी एसओजी धर्मेन्द्र कुमार मय टीम
• प्रभारी सर्विलॉन्स मनोज कुमार मय टीम
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई है। अपराधियों के विरुद्ध यह कठोर कार्रवाई जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। "सच की आवाज वेब न्यूज" अपराधियों के खात्मे के लिए समर्पित पुलिस बल के जज्बे को सलाम करता है।
"सटीक खबर, सबसे पहले - सच की आवाज वेब न्यूज"
