आज दिनांक 05.04.2026 को जनपद शाहजहाँपुर में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा क्षेत्राधिकारी पुवायां के साथ थाना सिंधौली परिसर में आगामी त्योहारों एवं महापुरुषों की जयंती के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ संवाद स्थापित करते हुए अधिकारियों ने सभी से अपील की कि त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।
बैठक के दौरान विशेष रूप से अफवाहों से सतर्क रहने, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर देने के लिए जागरूक किया गया।
बैठक उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा क्षेत्राधिकारी पुवायां, थाना प्रभारी सिंधौली एवं पुलिस बल के साथ क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं यातायात संचालन का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निरंतर सतर्कता बनाए रखते हुए प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जाए, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
जनपदीय पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अंतर्गत जनपद के विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, नियमित गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
0 Comments