शाहजहांपुर, 06 अप्रैल 2026।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-24, मोहल्ला ख्वाजा फिरोज में सफाई और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर महापौर ने औचक निरीक्षण कर गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में गंदगी, जलभराव, अतिक्रमण और पेयजल की गंभीर समस्याएं सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर नालियां चोक होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़कों पर कूड़ा डाले जाने से गंदगी फैली हुई है और आवागमन बाधित हो रहा है।
महापौर ने पाइपलाइन लीकेज, बंद पड़े इंडिया मार्का हैंडपंपों और पेयजल की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने गर्मी को देखते हुए हैंडपंपों के शीघ्र रीबोर कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पक्के पुल के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय बंद मिला और उसके आसपास डंपिंग ग्राउंड बनने से क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी फैली हुई है। कई स्थानों पर नालों और नालियों पर अतिक्रमण भी पाया गया, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही है।
महापौर ने ग्रीन वैली स्कूल और हनुमत धाम मार्ग पर नाले पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला तक जाने वाले कच्चे रास्ते को पक्का कराने, पशुओं के लिए पानी और छायादार पेड़ों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई स्ट्रीट लाइट दिन में भी जल रही थीं, जिन्हें बंद कराने के निर्देश दिए गए। वहीं यूरिनल की सफाई व्यवस्था खराब होने और बड़े नालों की बाउंड्री न होने से दुर्घटना की आशंका जताई गई।
0 Comments