स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 27 अप्रैल।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण, वृक्षारोपण, गंगा एवं आर्द्रभूमि समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समितियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार ने सभी का औपचारिक स्वागत किया तथा जिला वृक्षारोपण समिति के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने समस्त विभागों को पौधारोपण कार्ययोजना तैयार करने एवं सत्यापन संबंधी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिला पर्यावरण समिति के अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सी एंड डी वेस्ट, प्लास्टिक वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट, ई-वेस्ट, ध्वनि प्रदूषण तथा वायु प्रदूषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभागवार चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला गंगा समिति के अंतर्गत विकास खंड मिर्जापुर स्थित ग्राम पाहरूआ में कछुआ तालाब के संरक्षण को लेकर डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया एवं वन विभाग के साथ विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कछुओं के संरक्षण हेतु शीघ्र कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जनपद शाहजहाँपुर में मॉडल के रूप में तैयार जिला गंगा प्लान के क्रियान्वयन को लेकर जीआईजेड एवं राज्य स्वच्छ गंगा मिशन उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधियों के मध्य विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
जिला आर्द्रभूमि समिति के अंतर्गत जनपद की तीन प्रमुख आर्द्रभूमियों को नोटिफाई कराने के संबंध में संबंधित विभागों के साथ चर्चा-परिचर्चा की गई। जिलाधिकारी ने इसे स्वीकृति प्रदान करते हुए अग्रिम कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी सहित जनपद के समस्त अधिकारीगण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

0 Comments