राम मंदिर दान राशि को लेकर आम आदमी पार्टी का भिक्षाटन आंदोलन

 

ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या, उन्नाव ✍️

जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, ₹420 का प्रतीकात्मक चेक भेजा

उन्नाव, 21 जून 2026। आम आदमी पार्टी (आप) उन्नाव इकाई द्वारा रविवार को भगवान श्रीराम मंदिर की दान राशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी के जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर के बड़ा चौराहा क्षेत्र में प्रतीकात्मक भिक्षाटन अभियान चलाया और ₹420 की राशि एकत्र कर प्रतीकात्मक चेक भेजने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर भिक्षाटन किया तथा दान राशि के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। पार्टी नेताओं का कहना था कि भगवान श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित धनराशि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है, इसलिए इसके उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता होनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव ने कहा कि यह आंदोलन केवल धनराशि का विषय नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि मंदिर के नाम पर प्राप्त होने वाला प्रत्येक रुपया ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ उपयोग किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि लोगों का विश्वास बना रहे।

इस अवसर पर रईस अहमद, बेचेलाल, रामसेवक, महेंद्र कुमार एडवोकेट, प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

(नोट: यह समाचार आम आदमी पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें व्यक्त आरोप संबंधित पक्षों के हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।)

Previous Post Next Post