Breaking News

लखनऊ अग्निकांड के बाद सख्त हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेशव्यापी फायर सेफ्टी ऑडिट के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश के लिए एक बड़ा सबक है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेशभर में मिशन मोड में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाया जाए। अस्पतालों, नर्सिंग होम्स, मेडिकल कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल्स एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाए और आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने प्रत्येक जनपद में विशेष टीम गठित कर फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, उसके बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के नाम पर किसी भी नागरिक का उत्पीड़न न हो।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस भवन को जिस उद्देश्य के लिए स्वीकृति मिली है, उसका उपयोग उसी कार्य के लिए किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बेसमेंट में कोचिंग सेंटर, नर्सिंग होम या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आपातकालीन सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम को और कम करने पर जोर देते हुए कहा कि संकट की घड़ी में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने अग्निशमन विभाग को आधुनिक संसाधनों, अत्याधुनिक उपकरणों एवं तकनीकी सुविधाओं से और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही के प्रति सरकार की नीति शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की रहेगी।

Post a Comment

0 Comments