Breaking News

मारपीट के मामले में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। थाना पुवायाँ पुलिस ने मारपीट एवं एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुवायाँ पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को ग्राम मड़ैया खाड़ेपुर निवासी वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए वादी के पिता के साथ लाठी-डंडों एवं असलहों से मारपीट की, गला दबाया तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उदयवीर सिंह एवं आर्यन सिंह, निवासी ग्राम मोहनपुर, थाना पुवायाँ को ग्राम करनापुर से जेवा जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा भी बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Post a Comment

0 Comments